नोएडा।ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1 में गुरुवार को ऐस सिटी के पास स्थित एक फिटनेस जिम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते जिम के अंदर धुआं भर गया, जिससे वहां मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में भी अफरातफरी मच गई।
सीएफओ के नेतृत्व में पहुंची फायर सर्विस टीम
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। गौतमबुद्धनगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में फायर सर्विस यूनिट ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने तत्काल हौज पाइप बिछाकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
धुएं के बीच पांच लोगों का किया रेस्क्यू
जिम के अंदर धुआं अधिक भर जाने के कारण वहां फंसे लोगों को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। स्थिति को देखते हुए दमकलकर्मियों ने ब्रीदिंग अपरेटस पहनकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने जिम की छत पर फंसे पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते बचाव अभियान पूरा होने के कारण घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
शीशे तोड़कर धुआं बाहर निकाला गया
जिम के अंदर धुआं इतना अधिक था कि सामान्य तरीके से आग बुझाने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद क्रेन की मदद से जिम के शीशे तोड़े गए, जिससे अंदर जमा धुआं बाहर निकल सके और दमकलकर्मियों को आग बुझाने में आसानी हुई। करीब पांच दमकल वाहनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। रेस्क्यू और वेंटिलेशन अभियान के दौरान गौतमबुद्धनगर के सीएफओ को भी मामूली चोट लग गई।


