नोएडा।नोएडा सेक्टर-99 तिराहे के पास शनिवार दोपहर तेज रफ्तार एसयूवी ने स्पोर्ट्स बाइक सवार सॉफ्टवेयर इंजीनियर अर्नव कटारिया (23) को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया और एसयूवी का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर रूप से घायल अर्नव की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
एसयूवी चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त
पुलिस ने हादसे के बाद एसयूवी चालक अट्टा निवासी जय किशन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। हादसे के समय अर्नव सेक्टर-99 से सेक्टर-49 की ओर जा रहे थे, तभी ग्रैंड विटारा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
पिता ने एंबुलेंस में देरी का लगाया आरोप
मृतक के पिता पंकज कटारिया ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद मौके पर समय से एंबुलेंस नहीं पहुंची। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल अर्नव को ई-रिक्शा से जिला अस्पताल ले जाया गया, जिससे इलाज शुरू होने में देरी हुई। पिता का कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस मिल जाती तो बेटे की जान बच सकती थी।
अस्पताल में इलाज में देरी का भी आरोप
परिजनों ने अस्पताल में इलाज में देरी का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि गंभीर चोटों के बावजूद आवश्यक जांच और उपचार में तेजी नहीं दिखाई गई, जिससे अर्नव की हालत बिगड़ती चली गई। परिवार ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


