ग्रेटर नोएडा में रोड टैक्स और जुर्माना जमा न करने वाले नौ से अधिक व्यावसायिक वाहनों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ऐसे वाहन सड़क पर चलते हुए पकड़े जाने पर तत्काल जब्त किए जाएंगे। विभाग ने बकाएदार वाहन मालिकों को भुगतान के लिए अंतिम नोटिस जारी कर दिया है।
85.50 करोड़ रुपये का बकाया
परिवहन विभाग के अनुसार डिफाल्टर वाहन मालिकों पर कुल 85.50 करोड़ रुपये का रोड टैक्स और जुर्माना बकाया है। विभाग ने सभी संबंधित वाहन मालिकों को निर्धारित समय के भीतर बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं। समयसीमा के बाद भुगतान नहीं होने पर जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
जिला प्रशासन को भेजी जाएगी सूची
बड़े बकायेदार वाहन मालिकों की सूची जिला प्रशासन को भी भेजी जा रही है। इनके खिलाफ राजस्व वसूली की प्रक्रिया के तहत रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी किए जाएंगे, ताकि बकाया राशि की वसूली प्रभावी ढंग से की जा सके।
वन टाइम सेटलमेंट योजना का इंतजार
इस बीच कई बकाएदार वाहन मालिक उत्तर प्रदेश सरकार की प्रस्तावित एकमुश्त समाधान (वन टाइम सेटलमेंट) योजना लागू होने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक कोई नई योजना लागू नहीं होती, तब तक बकाया जमा न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।


