नोएडा। सेक्टर-62 मॉडल टाउन गोलचक्कर पर प्रस्तावित गोलाकार स्काईवॉक का निर्माण अब तक शुरू नहीं हो सका है। एजेंसी चयन के आठ महीने और शिलान्यास के पांच महीने बीत जाने के बावजूद परियोजना धरातल पर नहीं उतर पाई है। अब प्राधिकरण का कहना है कि निर्माण कार्य चार महीने बाद शुरू होने की संभावना है।
डीएमआरसी का कार्य बना देरी की वजह
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) रिवर्सल प्लेटफॉर्म का निर्माण कर रहा है। इस कार्य के पूरा होने के बाद ही स्काईवॉक निर्माण शुरू किया जा सकेगा, इसलिए परियोजना में देरी हो रही है।
फरवरी में हुआ था शिलान्यास
स्काईवॉक का शिलान्यास चार फरवरी को सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह ने किया था। वहीं, निर्माण एजेंसी एसटी कंस्ट्रक्शन का चयन अक्टूबर 2025 के अंत में किया गया था। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
34.34 करोड़ की परियोजना से मिलेगी राहत
करीब 34 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह स्काईवॉक तैयार होने के बाद नोएडा, गाजियाबाद, वैशाली, इंदिरापुरम और दिल्ली की ओर आने-जाने वाले पैदल यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराएगा। हालांकि निर्माण में हो रही देरी से लोगों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा।


