नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं, लेकिन नोएडा में बिजली विभाग के अधिकारी इन आदेशों को पलीता लगाते नजर आ रहे हैं। सेक्टर-130 स्थित गांव नंगली नगला और नंगली बाजिदपुर में घंटों बिजली कटौती से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। भीषण गर्मी के बीच दिन-रात बार-बार बिजली गुल होने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात ऐसे हैं कि तीन घंटे से अधिक समय तक बिजली सप्लाई ठप रहने के कारण लोगों को अंधेरे और उमस में रात गुजारने को मजबूर होना पड़ रहा है।
किसान संघर्ष समिति ने उठाई आवाज
इस मुद्दे को लेकर किसान संघर्ष समिति नोएडा के महासचिव एवं समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव मनोज सिंह चौहान ने बिजली विभाग के अधिकारियों से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लगातार बाधित हो रही बिजली सप्लाई से ग्रामीणों का धैर्य जवाब देने लगा है और क्षेत्र में भारी नाराजगी का माहौल है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
“हाईटेक नोएडा में गांवों के साथ भेदभाव?”
ग्रामीणों का आरोप है कि एक तरफ नोएडा को स्मार्ट और हाईटेक सिटी बताया जाता है, वहीं दूसरी तरफ गांवों में लोग मूलभूत सुविधा बिजली के लिए भी परेशान हैं। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। अब बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक सेक्टर-130 के ग्रामीण बिजली संकट झेलते रहेंगे और कब जागेगा बिजली विभाग?






