
नोएडा। छोटी और स्टार्टअप कंपनियों को उत्पादन प्रक्रिया के दौरान होने वाले नुकसान से बचाने के लिए एकेटीयू के पूर्व छात्र नीतीश ने स्प्राइटऐरा कंपनी के सहयोग से AI युक्त ‘डाटा ब्रिज’ सॉफ्टवेयर विकसित किया है। इस सॉफ्टवेयर का उद्देश्य उत्पादन से जुड़े विभिन्न तकनीकी मानकों की लगातार निगरानी करना है।

तापमान और मशीनों की स्थिति की मिलेगी जानकारी
‘डाटा ब्रिज’ सॉफ्टवेयर उत्पादन के दौरान तापमान, मशीनों की स्थिति और अन्य तकनीकी गतिविधियों की जानकारी रियल टाइम में स्क्रीन पर उपलब्ध कराएगा। इससे कंपनियों को उत्पादन प्रक्रिया में आने वाली समस्याओं की जानकारी समय रहते मिल सकेगी और नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।
उत्पादन से जुड़ा डाटा डिजिटल रूप से रहेगा सुरक्षित
सॉफ्टवेयर उत्पादन प्रक्रिया से जुड़े डाटा को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने में भी मदद करेगा। इससे कंपनियां अपने उत्पादन से संबंधित जानकारी को व्यवस्थित तरीके से रिकॉर्ड कर सकेंगी और जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल कर सकेंगी।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में किया गया प्रदर्शित
‘डाटा ब्रिज’ सॉफ्टवेयर को नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में प्रदर्शित किया गया। बताया गया कि कई छोटी कंपनियों में उत्पाद तैयार करते समय तापमान और मशीनों समेत कई तकनीकी मानकों की लगातार निगरानी आवश्यक होती है, जिसके लिए बड़े स्तर पर निगरानी प्रणाली और इंक्यूबेटर की जरूरत पड़ती है।


