ग्रेटर नोएडा। कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने सभी आबकारी निरीक्षकों और लाइसेंस धारकों के साथ समीक्षा बैठक कर यात्रा के दौरान लागू होने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
शराब की दुकानों पर लगाए जाएंगे पर्दे
बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली सभी शराब की दुकानों पर इस वर्ष भी पर्दे लगाकर ही शराब की बिक्री की जाएगी। यह व्यवस्था यात्रा शुरू होने से पहले पूरी कर ली जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सिर्फ PoS मशीन से होगी शराब की बिक्री
जिला आबकारी अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी लाइसेंसधारी दुकानों पर शराब की बिक्री केवल PoS (पॉइंट ऑफ सेल) मशीन के माध्यम से ही की जाएगी। नकद या नियमों के विपरीत बिक्री की अनुमति नहीं होगी।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी दुकान पर नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित लाइसेंसधारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।


