नोएडा।नोएडा सेक्टर-24 स्थित ईएसआईसी अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के औचक निरीक्षण के बाद प्रबंधन हरकत में आ गया। मरीजों को हो रही परेशानी को देखते हुए अस्पताल में खराब सेंट्रल एसी को ठीक करा लिया गया है।
चार दिन की मेहनत के बाद सेंट्रल एसी का चिलर हुआ रिपेयर
अस्पताल में सेंट्रल एसी की खराबी दूर करने के लिए प्राइवेट कंपनी के इंजीनियर पिछले चार दिन से काम कर रहे थे। इंजीनियरों की टीम ने एसी के चिलर की मरम्मत का काम पूरा कर दिया है। इसके बाद मरीजों और अस्पताल में आने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
अस्पताल में पानी की लीकेज ठीक कराने का काम तेज
एसी के साथ अस्पताल की इमरजेंसी और अन्य हिस्सों में पानी की लीकेज की समस्या को भी दूर कराने का काम शुरू कर दिया गया है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर खामियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
साफ-सफाई को लेकर कर्मचारियों को सख्त निर्देश
अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई है। अधिकारियों ने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। समस्याएं दूर होने के बाद संबंधित व्यवस्थाओं का दोबारा निरीक्षण किया जा रहा है।


