
नोएडा। नोएडा शहर में मृत आवारा और पालतू पशुओं के शवों के वैज्ञानिक एवं सम्मानजनक निस्तारण के लिए आधुनिक पशु शवदाह केंद्र स्थापित करने की मांग उठी है। फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन्स (फोनरवा) ने इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण के सीईओ को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

आधुनिक तकनीक आधारित शवदाह केंद्र बनाने की मांग
फोनरवा ने प्राधिकरण से आधुनिक तकनीक आधारित पर्यावरण अनुकूल पशु शवदाह केंद्र स्थापित करने की मांग की है। इसके लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने, तकनीकी क्षमता और प्रदूषण नियंत्रण मानकों का परीक्षण कराने तथा परियोजना के लिए बजट निर्धारित करने की मांग की गई है।
समयबद्ध और सुरक्षित निस्तारण से मिलेगी राहत
फोनरवा पदाधिकारियों के अनुसार आधुनिक पशु शवदाह केंद्र स्थापित होने से मृत पशुओं का समयबद्ध और सुरक्षित निस्तारण संभव हो सकेगा। इससे आवासीय क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी एवं दुर्गंध की समस्या कम होगी। साथ ही शहर की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
शहर की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
फोनरवा ने प्राधिकरण से इस मांग पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। संगठन का कहना है कि आधुनिक पशु शवदाह केंद्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।


