
ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के ऐच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा में 35 करोड़ रुपये से अधिक की कथित हेराफेरी के मामले में सोमवार को पीड़ित खाताधारक उग्र हो गए। खाताधारकों ने अधिवक्ताओं और किसान व मजदूर संगठनों के साथ बैंक परिसर में महापंचायत कर प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने बैंक पर तालाबंदी का प्रयास किया, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार तक सभी पीड़ितों की रकम वापस कराने का भरोसा देकर मामला शांत कराया।

बैंक परिसर में महापंचायत कर खाताधारकों ने किया प्रदर्शन
सोमवार सुबह करीब 11 बजे से बैंक परिसर में महापंचायत शुरू हुई। इसमें बड़ी संख्या में पीड़ित खाताधारक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने बैंक प्रबंधन से रकम वापसी की प्रक्रिया और समय सीमा स्पष्ट करने की मांग की। खाताधारकों का कहना था कि लंबे समय से रकम वापस मिलने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें राहत नहीं मिली है।
रकम वापसी की समय सीमा बताने की मांग
महापंचायत के दौरान खाताधारकों ने मांग की कि बैंक का कोई जिम्मेदार अधिकारी बाहर आकर रकम वापसी की समय सीमा निर्धारित करके बताए। दोपहर करीब 12:30 बजे किसानों का प्रतिनिधिमंडल बैंक मैनेजर से मिलने पहुंचा। आरोप है कि प्रतिनिधिमंडल को संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिससे खाताधारकों में नाराजगी बढ़ गई।
पुलिस ने शनिवार तक रकम वापसी का दिया भरोसा
बैंक परिसर में बढ़ते हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने शनिवार तक सभी पीड़ित खाताधारकों की रकम वापस कराने का भरोसा दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना विरोध शांत किया। हालांकि, खाताधारक रकम वापसी को लेकर बैंक प्रबंधन से स्पष्ट कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


