
नोएडा। नोएडा औद्योगिक नगरी में कामगारों को भ्रामक सूचनाओं से बचाने और जागरूक करने के लिए श्रम विभाग सक्रिय हो गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को प्रदेश की श्रम आयुक्त सौम्या अग्रवाल ने सेक्टर-3 स्थित अपर श्रम आयुक्त कार्यालय का निरीक्षण कर दस्तावेजों का अवलोकन किया।

शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान आयोजित बैठक में श्रम आयुक्त सौम्या अग्रवाल ने जन-सामान्य की शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे विवादों को भी अनदेखा नहीं किया जाए, ताकि समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके और त्योहारी सीजन में औद्योगिक शांति बनी रहे।
त्योहारी सीजन में औद्योगिक शांति बनाए रखने पर जोर
श्रम आयुक्त ने अधिकारियों को कामगारों से संबंधित समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने और विवादों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में शांति और बेहतर वातावरण बनाए रखने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।
बोनस को लेकर दैनिक जागरण के नाम से फैलाई गई थी फर्जी खबर
बीते दिनों दैनिक जागरण का मास्टहेड लगाकर कामगारों के बोनस से संबंधित फर्जी खबर तैयार कर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित की गई थी। इस मामले में दैनिक जागरण की ओर से सेक्टर-63 स्थित थाने में संबंधित इंटरनेट मीडिया हैंडलर्स के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।
भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
श्रम विभाग ने कामगारों से अपील की है कि वे बोनस और श्रम संबंधी अन्य सूचनाओं पर विश्वास करने से पहले उनकी सत्यता की जांच करें। भ्रामक सूचनाओं के प्रसार से औद्योगिक क्षेत्रों में भ्रम और विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है। विभाग ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।


