
ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा नॉलेज पार्क स्थित जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में भारत उद्यम संगम 2026 का आयोजन किया गया। जीएल बजाज सेंटर फॉर रिसर्च एंड इन्क्यूबेशन की ओर से आयोजित सम्मेलन में करीब 500 विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्टार्टअप संस्थापकों, उद्यमियों, निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने और स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।

प्रयोगशाला में विकसित तकनीक को बाजार तक पहुंचाने पर चर्चा
सम्मेलन में प्रयोगशालाओं में विकसित शोध और तकनीकी नवाचार को बाजार तक पहुंचाने, स्टार्टअप को निवेश उपलब्ध कराने और युवाओं में उद्यमशीलता की सोच विकसित करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के इनोवेशन हब के सहयोग से आयोजित सम्मेलन का विषय ‘प्रयोगशाला से बाजार तक : स्टार्टअप निवेश, छात्र नवाचार, उद्यमिता एवं इन्क्यूबेशन’ रहा।
विशेषज्ञों ने साझा किए उद्यमिता के अनुभव
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के पूर्व महानिदेशक एवं सेवानिवृत्त आइएएस सुरेंद्र नाथ त्रिपाठी और विशिष्ट अतिथि भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय के विज्ञानी डॉ. विशाल चौधरी रहे। बीआइओआरएक्स वेंचर्स के संस्थापक एवं सीईओ डॉ. विशाल गांधी, एक्सीलरेट आथर एवं स्टार्टअपधूप के संस्थापक विवेक चड्ढा, स्टार्टअपन्यूज डॉट एफवाईआई के संस्थापक मधुर मोहन मलिक, सोज्जा के संस्थापक उत्तम कुमार और एकेटीयू इनोवेशन हब के सीईओ डॉ. महीप सिंह ने अपने अनुभव साझा किए।
अकादमिक जगत और उद्योग के बीच समन्वय पर जोर
संस्थान के वाइस चेयरमैन पंकज अग्रवाल और सीईओ कार्तिकेय अग्रवाल ने कहा कि अकादमिक जगत, उद्योग, उद्यमियों और निवेशकों के बीच बेहतर समन्वय से स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. मानस कुमार मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।


