
ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा नॉलेज पार्क-1 स्थित नालंदा लिविंग जीएन हॉस्टल में भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों में नाराजगी है। छात्रों का दावा है कि हॉस्टल के मेस में परोसे जा रहे खाने में कीड़े मिले हैं। घटना के बाद छात्रों ने मेस की साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।

खाने में कीड़े मिलने का छात्रों ने बनाया वीडियो
छात्रों के अनुसार, भोजन में कीड़े मिलने की घटना का उन्होंने वीडियो भी बनाया है। उनका कहना है कि हॉस्टल में रहने और खाने के लिए हर महीने बड़ी रकम चुकानी पड़ती है, इसके बावजूद उन्हें साफ-सुथरा और गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिल रहा है।
खराब भोजन से स्वास्थ्य पर असर पड़ने की चिंता
छात्रों ने कहा कि भोजन में कीड़े मिलना गंभीर लापरवाही का मामला है। खराब गुणवत्ता वाला खाना खाने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इसका असर उनकी पढ़ाई और दिनचर्या पर भी पड़ सकता है।
मेस व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग
छात्रों ने हॉस्टल प्रबंधन से मेस में साफ-सफाई सुनिश्चित करने और भोजन की गुणवत्ता में सुधार करने की मांग की है। उनका कहना है कि छात्रों से शुल्क लेने के बाद उन्हें स्वच्छ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना प्रबंधन की जिम्मेदारी है।

