
ग्रेटर नोएडा । बुलंदशहर के अनूपशहर थाना क्षेत्र के गांव राजौर निवासी प्रेमपाल सिंह (42) आठ अक्टूबर को किसी काम से ग्रेटर नोएडा आए थे। इसके बाद से वह लापता हो गए थे। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

कासना क्षेत्र में हुआ था सड़क हादसा
करीब 20 दिन पहले ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क हादसा हुआ था। हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। मृतक की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने उसे अज्ञात मानते हुए पोस्टमॉर्टम कराया और बाद में अंतिम संस्कार करवा दिया था।
कपड़े देखकर परिजनों ने की पहचान
प्रेमपाल की तलाश करते हुए परिजन किसी तरह कासना कोतवाली पहुंचे। वहां मृतक के कपड़े दिखाए जाने पर उन्होंने उसकी पहचान प्रेमपाल सिंह के रूप में की। इसके बाद परिजनों को पता चला कि हादसे में उनके भाई की मौत हो चुकी थी और पुलिस पहले ही उनका अंतिम संस्कार करा चुकी थी।
डंपर चालक के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
मृतक के भाई जयवीर सिंह ने हादसे के संबंध में पुलिस को शिकायत दी। परिजनों ने टक्कर मारने वाले डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर हादसे के लिए जिम्मेदार चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है।


