
ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा के जेवर स्थित नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को दोपहर दो बजे विमान हादसे को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके लिए एयरपोर्ट समेत सभी संबंधित विभागों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्धारित समय पर सायरन बजाया जाएगा और विमान क्रैश होने की सूचना दी जाएगी।

विमान में सवार दिखाए जाएंगे 178 यात्री
मॉक ड्रिल के दौरान जिस विमान के क्रैश होने की स्थिति दिखाई जाएगी, उसमें 178 यात्री सवार बताए जाएंगे। इनमें बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल होंगे। हादसे की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर आपातकालीन व्यवस्था को सक्रिय कर दिया जाएगा।
अग्निशमन और पुलिस की टीमें संभालेंगी मोर्चा
मॉक ड्रिल में अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू करेंगी। हादसे की स्थिति में आग बुझाने, यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों तक पहुंचने की प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम घायलों को पहुंचाएगी अस्पताल
मॉक ड्रिल के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी सक्रिय रहेंगी। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया के माध्यम से विमान हादसे जैसी आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों की तैयारियों और आपसी समन्वय को परखा जाएगा।


