
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश को आधुनिक तकनीक, औद्योगिक नवाचार और रोबोटिक्स विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में ग्रेटर नोएडा में PRAGATI (प्लेटफॉर्म फॉर रोबोटिक्स एंड एआई ग्रोथ थ्रू टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन) रोबोटिक्स पार्क की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।

रोबोटिक्स कंपनियों और स्टार्टअप को मिलेंगी सुविधाएं
लगभग 69.52 एकड़ भूमि पर विकसित होने वाला यह पार्क रोबोटिक्स कंपनियों, तकनीकी स्टार्टअप, अनुसंधान संस्थानों और उद्योगों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां संबंधित क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियों और संस्थानों को एकीकृत सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है, जिससे तकनीकी विकास और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकेगा।
स्वदेशी रोबोटिक्स विनिर्माण को मिलेगा बढ़ावा
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में स्वदेशी रोबोटिक्स विनिर्माण को प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित तकनीकों के विकास को गति देने और रोबोटिक्स क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा।
निवेश और अनुसंधान के लिए तैयार होगा अनुकूल माहौल
PRAGATI रोबोटिक्स पार्क के माध्यम से उत्तर प्रदेश में रोबोटिक्स और एआई क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने तथा अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने की योजना है। इस परियोजना से ग्रेटर नोएडा की औद्योगिक पहचान को नई मजबूती मिलने और प्रदेश को आधुनिक तकनीक एवं रोबोटिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।


