
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा जेवर पुलिस ने सोमवार को इमरान हत्याकांड में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित शानू उर्फ शान मोहम्मद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपित जहांगीरपुर के मोहल्ला व्यापारियान का निवासी है। वह सात अक्टूबर को जेवर क्षेत्र में इमरान (36) की गोली मारकर हत्या करने के मामले में वांछित था।

बिना नंबर प्लेट की बाइक पर जा रहा था आरोपित
पुलिस के मुताबिक, जफरगढ़-चांचली मार्ग पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार शानू को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर आरोपित भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर बाइक से उतरने के बाद आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शानू के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार, शानू अलीगढ़ के रोरावर थाने में दर्ज एक अन्य मुकदमे में भी वांछित था। उस मामले में भी उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस आरोपित के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।


