
नोएडा । त्योहारी सीजन में खरीदारी बढ़ने के साथ जीएसटी विभाग ने नकदी में कारोबार करने वाली फर्मों की निगरानी तेज करने की तैयारी की है। उत्तर प्रदेश राज्य कर विभाग व्यापारियों को टैक्स नियमों का पालन करने और समय पर कर जमा करने के लिए जागरूक कर रहा है। विभाग की ओर से हाल में ब्याज माफी योजना के माध्यम से व्यापारियों और अधिवक्ताओं के साथ संवाद स्थापित कर योजना का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।

टैक्स में हेराफेरी मिली तो होगी अचानक जांच
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जागरूकता अभियान के बावजूद टैक्स में हेराफेरी जैसी घटनाएं सामने आती हैं तो संबंधित प्रतिष्ठानों की सरप्राइज चेकिंग की जाएगी। जांच के दौरान कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य कारोबार में पारदर्शिता बढ़ाना और कर चोरी पर अंकुश लगाना है।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बड़े मॉल निगरानी सूची में शामिल
उत्तर प्रदेश राज्य कर विभाग के गौतमबुद्ध नगर जोन ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 20 से अधिक बड़े मॉल को संवाद और निगरानी सूची में शामिल किया है। विभाग की टीम इन व्यावसायिक केंद्रों में कारोबार से जुड़े कर नियमों के पालन पर नजर रखेगी। त्योहारी सीजन में बढ़ते व्यापार के बीच कर संग्रह और अनुपालन सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है।
कस्बों के प्रमुख बाजारों पर भी रहेगी नजर
बड़े मॉल के साथ-साथ कस्बों के मुख्य बाजारों को भी विभाग की निगरानी योजना में शामिल किया गया है। व्यापारियों और अधिवक्ताओं के साथ संवाद के जरिए टैक्स नियमों की जानकारी दी जा रही है। विभाग की कोशिश है कि कारोबारी स्वेच्छा से सही कर जमा करें और नियमों का पालन करें। इसके बावजूद अनियमितताएं सामने आने पर जांच और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


