
नोएडा ।नोएडा के सेक्टर-91 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में विकसित हो रहे डियर पार्क को वन्यजीवों के अनुकूल बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत हिरणों और अन्य वन्यजीवों को प्राकृतिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए 3490 पेड़ लगाए जाएंगे। नोएडा प्राधिकरण की इस योजना का उद्देश्य पार्क में हरियाली बढ़ाने के साथ वन्यजीवों के रहने के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना है।

नर्सरी में तैयार होंगे 18 से 20 फीट ऊंचे पेड़
योजना के तहत पेड़ों को पहले नर्सरी में तैयार किया जाएगा। इन्हें 18 से 20 फीट ऊंचा होने के बाद डियर पार्क के अलग-अलग बाड़ों में ट्रांसप्लांट किया जाएगा। इससे वन्यजीवों को शुरुआत से ही पर्याप्त छाया और हरियाली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
आठ प्रजातियों के पेड़ लगाने की योजना
नोएडा प्राधिकरण की योजना के अनुसार, डियर पार्क के बाड़ों में पिलखन, चकरेशिया, मौलश्री, पाकड़, बाटल ब्रश, अशोक, सेमल और कदम प्रजाति के पेड़ लगाए जाएंगे। इन पेड़ों के माध्यम से बाड़ों में हरियाली बढ़ाई जाएगी, जिससे हिरणों और अन्य वन्यजीवों को प्राकृतिक वातावरण मिल सकेगा।
वन्यजीवों के अनुकूल तैयार होंगे बाड़े
डियर पार्क के बाड़ों की बनावट और पेड़-पौधों की व्यवस्था इस तरह विकसित की जाएगी कि वन्यजीवों को प्राकृतिक माहौल का अनुभव हो। व्यवस्था ऐसी होगी कि वन्यजीव एक-दूसरे की आवाज भी सुन सकें। पेड़ों की छाया और हरियाली से उन्हें अधिक अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।


