
ग्रेटर नोएडा। शहर के कई सेक्टरों में पेयजल की समस्या से परेशान लोगों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। कहीं पानी का प्रेशर कम है तो कहीं गंदे पानी की सप्लाई से लोग परेशान हैं। कई स्थानों पर यूजीआर की मोटर खराब पड़ी है, जबकि पुरानी और जर्जर पाइपलाइन भी जलापूर्ति में बाधा बन रही है। इन समस्याओं को लेकर फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए, ग्रेटर नोएडा ने प्राधिकरण के सामने मुद्दा उठाया है। 7 अक्टूबर 2026 को फेडरेशन अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर के नेतृत्व में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार से मुलाकात की।

कम प्रेशर और गंदे पानी की समस्या रखी
बैठक में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बताया कि कई सेक्टरों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। कहीं कम प्रेशर के कारण घरों तक पानी नहीं पहुंचता तो कुछ स्थानों पर गंदे पानी की सप्लाई की शिकायत है। फेडरेशन अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर ने कहा कि कई क्षेत्रों में पुरानी जलापूर्ति लाइनें होने के कारण आए दिन समस्या होती है। उन्होंने जर्जर पाइपलाइनों को बदलकर स्थायी समाधान की मांग की।
खराब UGR मोटरों को ठीक कराने की मांग
बैठक में खराब यूजीआर मोटरों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बताया कि मोटर खराब होने से कई स्थानों पर जलापूर्ति प्रभावित होती है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जरूरत वाले स्थानों पर नई मोटर और पंप लगाने की मांग भी की गई। सीईओ एनजी रवि कुमार ने संबंधित अधिकारियों को खराब मोटरों को जल्द ठीक कराने या बदलने के निर्देश दिए।
CEO ने अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनने के बाद सीईओ ने पुरानी जलापूर्ति लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने के निर्देश दिए। साथ ही गंदे पानी और कम प्रेशर की समस्या का शीघ्र समाधान करने को कहा। बैठक में कैप्टन वीरेंद्र सिंह, महासचिव ऋषिपाल भाटी, कोषाध्यक्ष भुवनेश गर्ग, सेक्टर पी-3 अध्यक्ष अमित भाटी, डेल्टा-2 अध्यक्ष बॉबी भाटी, सेक्टर-36 अध्यक्ष डॉ. अजय भाटी और सेक्टर-37 अध्यक्ष जय सिंह भाटी समेत 50 से अधिक आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि मौजूद रहे। फेडरेशन ने उम्मीद जताई कि इन निर्देशों के बाद शहर के प्रभावित सेक्टरों में पेयजल व्यवस्था में जल्द सुधार होगा।


