
नोएडा: सेक्टर 105 और 108 में मुख्य प्रवेश द्वारों के बाहर अवैध ठेलों, रेहड़ी-पटरी और दुकानों के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आरडब्ल्यूए ने चिंता जताई है। सेक्टर 105 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने बताया कि सुबह से देर रात तक कमर्शियल वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शों का जमावड़ा रहता है। आरडब्ल्यूए का कहना है कि इससे बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ रही है, जिससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
निर्माण सामग्री सड़क पर फैलाने से आवागमन प्रभावित
आरडब्ल्यूए के अनुसार दोनों सेक्टरों में निर्माणाधीन भवनों के आसपास सड़कों और नालियों पर अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही हैं। कई स्थानों पर रोड़ी, बजरी, सीमेंट और सरिया सड़क पर फैलाए जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। निर्माण स्थलों के आसपास बनी झुग्गियों और नालियों के अवरुद्ध होने से जलभराव की समस्या भी सामने आ रही है। आरडब्ल्यूए ने संबंधित विभाग से निर्माण सामग्री हटाने और नालियों को सुचारू कराने की मांग की है।
कमर्शियल मार्केट की खुली दुकानों पर उठे सवाल
सेक्टर 105 स्थित नोएडा प्राधिकरण की कमर्शियल मार्केट की गैर-आवंटित दुकानों के शटर खुले रहने को लेकर भी आरडब्ल्यूए ने चिंता जताई है। अध्यक्ष के मुताबिक इन दुकानों में आने-जाने वाले लोगों का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा दोनों सेक्टरों में जर्जर कंप्लीशन हाउसों और निर्माण स्थलों पर रहने वाले बाहरी श्रमिकों व किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने की मांग की गई है।

पुलिस गश्त और सफाई व्यवस्था मजबूत करने की मांग
आरडब्ल्यूए ने सेक्टरों के बाहर मुख्य सर्विस रोडों पर नियमित सफाई कराने की भी मांग की है। साथ ही फोनरवा की पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठक का हवाला देते हुए कहा गया कि आरडब्ल्यूए के साथ पुलिस अधिकारियों की नियमित बैठक होनी चाहिए। अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने मांग की कि अवैध अतिक्रमण हटाया जाए, खुली गैर-आवंटित दुकानों पर कार्रवाई हो, निर्माण सामग्री हटाई जाए और किरायेदारों व श्रमिकों का पुलिस सत्यापन कराया जाए। आरडब्ल्यूए ने डीसीपी, एसीपी और पुलिस बल द्वारा महीने में कम से कम एक बार सेक्टर में पैदल गश्त की मांग भी की है।



