
गौतम बुद्ध नगर : ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (UPITS 2026) का चौथा संस्करण आयोजित होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस बार जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस समेत छह भागीदार देशों की भागीदारी होगी। FIEO और विदेशी भारतीय मिशनों के समन्वय से 72 देशों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 600 अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की संभावना है।

20 नॉलेज सेशन में उद्योग और कारोबार पर चर्चा
मेले में उद्घाटन और प्लेनरी कार्यक्रमों के साथ 20 नॉलेज सेशन आयोजित किए जाएंगे। इनमें ग्लोबल सप्लाई चेन, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स, MSME व ODOP निर्यात, मेडटेक, नए श्रम कानून और मुक्त व्यापार समझौतों जैसे विषयों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से जोड़ने और उद्योग व व्यापार प्रतिनिधियों के साथ अतिरिक्त संवाद आयोजित करने के निर्देश दिए। विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों के लिए आवास तथा उच्चायुक्तों के लिए लायजन ऑफिसर की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिखेगी यूपी की विविधता
मुख्यमंत्री ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा के साथ अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्रों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए मेले में 25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के स्लॉट तैयार किए गए हैं, जिनमें कथक, पखावज और सितार वादन, भोजपुरी व आल्हा गायन, राई और थारू जनजातीय नृत्य तथा स्टार म्यूजिकल नाइट्स शामिल हैं। आयोजन स्थल को स्वच्छ, व्यवस्थित और प्लास्टिक-मुक्त रखने के साथ सरकारी विभागों को 23 सितंबर तक अपने स्टॉल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रैफिक-सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 500 से ज्यादा EV शटल बसें
संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया है। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने मुख्यमंत्री को ट्रैफिक प्लान और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी। प्रमुख प्रवेश और निकास बिंदुओं पर सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। पार्किंग क्षेत्रों और प्रदर्शनी स्थल के बीच 500 से अधिक EV शटल बसें चलाने की तैयारी है। आयोजन स्थल पर CCTV, EV चार्जिंग स्टेशन और बेहतर इंटरनेट-Wi-Fi कनेक्टिविटी की व्यवस्था भी की जाएगी।


