नोएडा।नोएडा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 200 नई ई-बसों के संचालन की पहल का फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) ने स्वागत किया है। फोनरवा ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश का आभार जताते हुए कहा कि ई-बसों से शहर के विभिन्न सेक्टरों के लोगों को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी।

रूट तय करने से पहले RWAs की राय लेने की मांग
फोनरवा के महासचिव के.के. जैन ने कहा कि ई-बस सेवा का अधिकतम लाभ तभी मिल सकेगा, जब बसों के रूट और स्टॉप निर्धारित करते समय निवासियों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखा जाए। उन्होंने सीईओ से रूट और बस स्टॉप को अंतिम रूप देने से पहले फोनरवा पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करने का अनुरोध किया है।
सेक्टरों की जरूरतों को प्राधिकरण के सामने रखा जाएगा
फोनरवा के अनुसार बैठक में विभिन्न सेक्टरों की आरडब्ल्यूए से मिले सुझावों को प्राधिकरण के समक्ष रखा जा सकता है। संस्था का कहना है कि निवासियों की भागीदारी से तैयार किए गए रूट अधिक व्यावहारिक होंगे और इससे ई-बस सेवा का अधिक से अधिक लोग उपयोग कर सकेंगे।
मेट्रो, बाजार और अस्पतालों को रूट में मिले प्राथमिकता
फोनरवा ने सुझाव दिया कि ई-बसों के रूट तय करते समय आवासीय सेक्टरों के साथ प्रमुख बाजारों, मेट्रो स्टेशनों, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्रों और दिल्ली से जुड़ने वाले प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता दी जाए। संस्था ने उम्मीद जताई कि प्राधिकरण जल्द बैठक आयोजित कर 200 ई-बसों की सेवा को व्यापक और जनोपयोगी बनाने की दिशा में कदम उठाएगा।


