
नोएडा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल पंडित कलराज मिश्रा की धर्मपत्नी श्रीमती सत्यवती मिश्रा का शनिवार रात नोएडा में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक, सामाजिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुःख जताते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
सेक्टर-51 स्थित आवास पर अंतिम दर्शन
श्रीमती सत्यवती मिश्रा का पार्थिव शरीर नोएडा के बी-49, सेक्टर-51 स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। यहां परिवार के सदस्यों, भाजपा नेताओं, शुभचिंतकों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों का पहुंचना जारी है। लोग दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही पंडित कलराज मिश्रा और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
दोपहर 1 बजे निकलेगी अंतिम यात्रा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती सत्यवती मिश्रा की अंतिम यात्रा आज दोपहर करीब 1 बजे सेक्टर-51 स्थित आवास से रवाना होगी। अंतिम यात्रा के लगभग 1:30 बजे सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवास पहुंचने की जानकारी दी गई है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मेट्रो अस्पताल में चल रहा था उपचार
जानकारी के मुताबिक, श्रीमती सत्यवती मिश्रा के स्वास्थ्य को लेकर हाल ही में उन्हें नोएडा के मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जानने पहुंचे थे। इसके बाद शनिवार रात उनके निधन की दुखद खबर सामने आई।
भाजपा नेताओं और सामाजिक संगठनों ने जताया शोक
सत्यवती मिश्रा के निधन पर भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया है। भाजपा नेता वीरेश तिवारी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व राज्यपाल आदरणीय कलराज मिश्रा जी की धर्मपत्नी श्रीमती सत्यवती मिश्रा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है।
उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


