नोएडा। सेक्टर-63 स्थित चोटपुर कॉलोनी और छिजारसी गांव में विद्युत व्यवस्था को लेकर सामाजिक संस्था नोएडा सिटीजन फोरम (NCF) ने स्थलीय निरीक्षण किया। संस्था की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति, विद्युत मीटर, कनेक्शन, बिलिंग और बिजली चोरी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। NCF ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय, स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने रखीं बिजली कनेक्शन और बिलिंग की समस्याएं
दौरे के दौरान स्थानीय निवासियों ने NCF के समक्ष विद्युत कनेक्शन, मीटर, बिलिंग और बिजली चोरी से संबंधित कई शिकायतें रखीं। कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि वैध बिजली कनेक्शन होने और नियमित रूप से बिलों का भुगतान करने के बावजूद उन्हें बिजली आपूर्ति बाधित होने और कनेक्शन काटे जाने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान जनप्रतिनिधियों से भी क्षेत्र में पहुंचकर वास्तविक स्थिति का जायजा लेने की अपील की गई।
बिजली चोरी के दोषियों पर कार्रवाई, ईमानदार उपभोक्ताओं को राहत की मांग
NCF की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने कहा कि बिजली चोरी और सरकारी राजस्व में किसी भी प्रकार की अनियमितता गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य प्रभावशाली व्यक्ति की कथित मिलीभगत से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है तो मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच जरूरी है। उन्होंने मांग की कि बिजली चोरी के वास्तविक दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, लेकिन नियमित बिल भुगतान करने वाले और वैध कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं को सामूहिक कार्रवाई का शिकार न बनाया जाए।
मीटर, कनेक्शन और राजस्व रिकॉर्ड के स्वतंत्र ऑडिट की मांग
शालिनी सिंह ने कहा कि प्रत्येक बिजली कनेक्शन और मीटर की अलग-अलग जांच कर वास्तविक स्थिति के आधार पर कार्रवाई की जानी चाहिए। NCF ने मांग की कि चोटपुर कॉलोनी और छिजारसी क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों के विद्युत मीटरों, कनेक्शनों, बिलिंग रिकॉर्ड, बिजली खपत, जमा राजस्व तथा लाइन लॉस और बिजली चोरी से जुड़े आंकड़ों का विशेष एवं स्वतंत्र ऑडिट कराया जाए। साथ ही, नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए जरूरतमंद उपभोक्ताओं को नए विद्युत मीटर उपलब्ध कराने और बाधित बिजली आपूर्ति को तत्काल बहाल करने की मांग भी की गई।
सरकारी राजस्व के साथ ईमानदार उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा जरूरी
NCF ने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। शालिनी सिंह ने कहा कि संस्था इस मामले को संबंधित विभागीय अधिकारियों और शासन के समक्ष उठाएगी। जांच का उद्देश्य अनियमितताओं और बिजली चोरी के वास्तविक मामलों को सामने लाने के साथ सरकारी राजस्व की सुरक्षा और निर्दोष एवं ईमानदार उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि नोएडा सिटीजन फोरम जनहित, पारदर्शिता, जवाबदेही और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए अपनी आवाज निरंतर उठाता रहेगा।


