नोएडा। बोड़ाकी रेलवे स्टेशन से परी चौक होकर कासना तक ई-बसों का संचालन शुरू करने के लिए शनिवार को रूट पर ट्रायल किया गया। इस मार्ग पर बस सेवा शुरू करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। ट्रायल शुरू होने पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का आभार जताया है।
युवाओं को ऑटो के महंगे किराये से मिलेगी राहत
ग्रेटर नोएडा की औद्योगिक इकाइयों में नौकरी करने और विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने के लिए बड़ी संख्या में युवा बोड़ाकी रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद ऑटो और अन्य वाहनों से शहर की ओर जाते हैं। इस दौरान उन्हें मनमाने किराये के साथ-साथ समय पर वाहन मिलने की परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नौकरीपेशा और छात्रों की सुविधा के लिए किया गया ट्रायल
ग्रेटर नोएडा में रहने वाले कई लोग भी ट्रेन से यात्रा कर बोड़ाकी रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं। आसपास के क्षेत्रों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा से जोड़ने की मांग लगातार उठ रही थी। यात्रियों की इस जरूरत को देखते हुए शनिवार को बोड़ाकी रेलवे स्टेशन से परी चौक होकर कासना तक ई-बसों का रूट ट्रायल किया गया।
यात्रियों, छात्रों और ग्रामीणों को होगा लाभ
समाजसेवी परशुराम और संजय चौधरी ने कहा कि बस सेवा शुरू होने से यात्रियों के साथ-साथ नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और आसपास के गांवों के निवासियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। नियमित ई-बस सेवा शुरू होने से लोगों को सुरक्षित, सुलभ और बेहतर सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलने की उम्मीद है।


