नोएडा।ग्रेटर नोएडा में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नए क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए बन रहा बोडाकी-चमरावली रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण पूरा होने के बावजूद अभी लोगों के इस्तेमाल में नहीं आ पा रहा है। सेतु निगम अपने हिस्से का निर्माण पूरा कर चुका है, लेकिन रेलवे लाइन के ऊपर गर्डर रखने और एलीवेटेड सेक्शन का काम अभी बाकी है।
चार साल पहले पूरा होना था आरओबी
बोडाकी-चमरावली आरओबी परियोजना को करीब चार साल पहले पूरा किया जाना था। परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद वर्ष 2022 में निर्माण शुरू होना प्रस्तावित था, लेकिन जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण काम शुरू नहीं हो सका। वर्ष 2023 में जमीन मिलने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आई।
2024 के अंत तक सेतु निगम ने पूरा किया काम
जमीन मिलने के बाद सेतु निगम ने रेलवे लाइन के दोनों तरफ एलीवेटेड हिस्से का निर्माण शुरू किया। विभाग के अनुसार वर्ष 2024 के अंत तक उसके हिस्से का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया। अब आरओबी को अंतिम रूप देने के लिए रेलवे लाइन के ऊपर गर्डर रखने का काम होना बाकी है।
डीएफसीसी को करना है रेलवे लाइन के ऊपर काम
आरओबी के रेलवे लाइन वाले हिस्से का काम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन (डीएफसीसी) को करना है। डीएफसीसी को रेलवे लाइन के ऊपर गर्डर रखने के साथ एलीवेटेड सेक्शन का निर्माण पूरा करना है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब दो साल से निर्माण की स्थिति में खास बदलाव नहीं हुआ है।


