नोएडा।नोएडा के सेक्टर-117 स्थित सोरखा गांव में निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे मजदूर को भी बिजली का झटका लगा। हादसे के बाद मृतक के परिवार की शिकायत पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
चिनाई का काम कर रहे थे दोनों मजदूर
पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त को सोरखा गांव में शाहजहांपुर निवासी दो मजदूर चिनाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान मजदूर सोबरन और विजयकांत करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल ले जाते समय एक मजदूर की मौत
करंट लगने के बाद सोबरन की हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। वहीं, विजयकांत को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने डिस्चार्ज कर दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
मकान में गलत वायरिंग होने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि निर्माणाधीन मकान में जगह-जगह गलत वायरिंग की गई थी। वायरिंग को ठीक कराए बिना ही मजदूरों को काम पर लगा दिया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मकान मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।


