नोएडा। बिना नंबर प्लेट और मिटे चेसिस नंबर वाले ई-रिक्शा के खिलाफ फेज वन थाना पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 55 ई-रिक्शा को सीज किया। इनमें एक ई-रिक्शा दिल्ली से चोरी का मिला, जिसे नाबालिग चला रहा था। पुलिस ने नाबालिग को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। चोरी का ई-रिक्शा मिलने से अभियान की अहमियत भी सामने आई है। पुलिस अब अन्य वाहनों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाया गया अभियान
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने ई-रिक्शा के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसका उद्देश्य ई-रिक्शा की आड़ में होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और सड़कों पर बिना वैध पहचान के चल रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करना है। फेज वन थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि पुलिस आयुक्त के दिशा-निर्देश पर अभियान चलाया गया।
55 ई-रिक्शा में मिलीं नियमों की खामियां
पुलिस टीम ने जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट के कई ई-रिक्शा चलते पाए। कुछ वाहनों पर लगी नंबर प्लेट भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी। जांच के दौरान 15 ई-रिक्शा के चेसिस नंबर घिसे हुए मिले। पुलिस ने सभी संबंधित वाहनों को सीज कर दिया है और उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
दस्तावेज और पंजीकरण की पुलिस कर रही जांच
पुलिस ई-रिक्शा के दस्तावेज, पंजीकरण, नंबर प्लेट और चेसिस नंबर की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि संबंधित ई-रिक्शा किसके नाम पर पंजीकृत हैं और वह नोएडा में कब और कहां से आए थे। दिल्ली से चोरी मिले ई-रिक्शा के संबंध में भी पुलिस आगे की जांच कर रही है।


