नोएडा। स्वतंत्रता दिवस पर नोएडा और दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। शनिवार से यात्री नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) के जरिए नोएडा और दिल्ली, दोनों मेट्रो में यात्रा कर सकेंगे। अब यात्रियों को दोनों मेट्रो के लिए अलग-अलग कार्ड रखने की जरूरत नहीं होगी।
दो कार्ड रखने और अलग-अलग रिचार्ज कराने की परेशानी होगी खत्म
अब तक दिल्ली मेट्रो में एनसीएमसी की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन नोएडा मेट्रो में यह कार्ड मान्य नहीं था। इसके चलते नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को दोनों मेट्रो के अलग-अलग कार्ड रखने पड़ते थे। दोनों कार्डों को अलग-अलग रिचार्ज कराने और मेट्रो बदलते समय कार्ड बदलने की परेशानी से अब यात्रियों को राहत मिलेगी।
21 स्टेशनों के 200 एएफसी गेट किए गए अपग्रेड
एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक क्रांति शेखर सिंह ने बताया कि नोएडा मेट्रो के 21 स्टेशनों पर लगे करीब 200 ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (एएफसी) गेटों को अपग्रेड कर हाईटेक बनाया गया है। इस तकनीकी बदलाव के बाद एनसीएमसी यानी ‘वन नेशन, वन कार्ड’ के जरिए नोएडा मेट्रो में भी यात्रा की जा सकेगी। इस पूरी तकनीकी व्यवस्था को तैयार करने में करीब 23 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
सभी स्टेशनों पर एनसीएमसी उपलब्ध कराने की तैयारी
एनएमआरसी अब सभी स्टेशनों पर एनसीएमसी उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा है। दिल्ली समेत देश के अन्य शहरों में पहले से एनसीएमसी इस्तेमाल करने वाले यात्री भी अब इस कार्ड के जरिए नोएडा मेट्रो में सफर कर सकेंगे। इससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा और दिल्ली के बीच रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों की यात्रा और सुविधाजनक होगी।


