नोएडा।नोएडा सेक्टर-105 स्थित सेंट्रल पार्क में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का अनूठा संदेश देते हुए महा-सफाई एवं वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। अभियान की अगुवाई ‘स्टेप बाय स्टेप स्कूल, नोएडा’ के छात्रों प्रशस्त कुमार, तिश्या पुरी, शिवनंदिनी धौल, यशवी टंडन और कबीर सिंह दयाल ने की। बच्चों के इस सराहनीय श्रमदान में न्यायपालिका, पूर्व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, नोएडा प्राधिकरण के शीर्ष अधिकारियों तथा सेक्टर के गणमान्य निवासियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
बच्चों ने चलाया महा-सफाई अभियान, 160 किलो कचरा किया एकत्र
अभियान के दौरान बच्चों ने सेंट्रल पार्क के कोने-कोने में सफाई करते हुए करीब 160 किलोग्राम कूड़ा एकत्र किया और पार्क को कचरा मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बच्चों ने सफाई के साथ-साथ पार्क को और हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पौधों का रोपण भी किया। बच्चों के उत्साह, मेहनत और पर्यावरण के प्रति जागरूकता की उपस्थित अतिथियों ने जमकर सराहना की।
हाई कोर्ट के जस्टिस और पूर्व कैबिनेट सेक्रेटरी ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
बड़ी हस्तियों ने की सहभागिता: अभियान में दिल्ली हाई कोर्ट के माननीय जस्टिस अनीश दयाल, भारत सरकार के पूर्व कैबिनेट सेक्रेटरी (होम) एवं पूर्व वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार, नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (GM) श्री ए.के. अरोड़ा, उद्यान विभाग के डायरेक्टर श्री आनंद मोहन तथा डिप्टी डायरेक्टर श्री प्रशांत सिंह ने विशेष रूप से शिरकत की। सभी अतिथियों ने बच्चों के साथ जमीन पर उतरकर सफाई एवं वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता की और उनके प्रयासों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने इस पहल को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में अनुकरणीय प्रयास बताया।
नोएडा प्राधिकरण की टीम ने संभाला कचरा निस्तारण और पौधारोपण का जिम्मा
प्रशासनिक सहयोग से अभियान हुआ सफल: अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने में नोएडा प्राधिकरण के हेल्थ इंस्पेक्टर श्री राकेश भाटी एवं श्री सतीश मिश्रा ने अपनी टीम के साथ महत्वपूर्ण सहयोग दिया। टीम ने बच्चों द्वारा लगाए गए पौधों के लिए उचित स्थान सुनिश्चित करने के साथ-साथ एकत्रित करीब 160 किलो कचरे का तत्काल और सुरक्षित निस्तारण कराया। प्रशासनिक एवं तकनीकी सहयोग के कारण अभियान को व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सका।


