दमकल कर्मियों की मौत के बाद कराया गया स्ट्रक्चरल ऑडिट
इकोटेक-3 स्थित इलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में लगी भीषण आग के दौरान बचाव अभियान में दीवार और बीम गिरने से दो दमकल कर्मियों की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद पुलिस कमिश्नर ने पीडब्ल्यूडी से बिल्डिंग का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने के निर्देश दिए थे। बुधवार को विभाग की टीम मौके पर पहुंची और विस्तृत जांच के दौरान कई गंभीर तकनीकी खामियां सामने आईं।
दीवारों और बीम की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल
जांच अधिकारियों के अनुसार, बिल्डिंग का निर्माण गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरा। दीवारों में आवश्यक पिलर नहीं थे और कंक्रीट का बीम भी असामान्य रूप से तिरछा मिला। अधिकारियों का कहना है कि इतनी आग में सामान्य रूप से बीम इस तरह प्रभावित नहीं होता। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता कमजोर होने के कारण दीवार पानी का दबाव भी नहीं झेल सकी, जबकि इससे अधिक दबाव बारिश और तेज हवा के दौरान सामान्य इमारतों की दीवारें सहन कर लेती हैं।
मलबे की लैब जांच से होगी अंतिम पुष्टि
अधिकारियों ने बताया कि अब निर्माण सामग्री और प्लास्टर के नमूनों की लैब में जांच कराई जाएगी। संबंधित विभाग की रिपोर्ट आने के बाद निर्माण सामग्री की वास्तविक गुणवत्ता स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल स्ट्रक्चरल ऑडिट में बिल्डिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई है। पुलिस के अनुसार आग कंपनी की टेस्टिंग लैब में लगी थी और प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है।


