नोेएडा।नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली से सीधे जोड़ने के लिए 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को इस परियोजना के रूट डिजाइन को अंतिम रूप दे दिया। करीब 4,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस छह लेन एक्सप्रेसवे का निर्माण और रखरखाव भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) करेगा।
सिंचाई विभाग की आपत्ति के बाद बदला गया रूट
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग से यमुना तटबंध पर क्लीयरेंस नहीं मिलने के कारण एक्सप्रेसवे के अलाइनमेंट में बदलाव किया गया है। अब इसे यमुना तटबंध से करीब पांच मीटर दूर नोएडा की ओर बनाया जाएगा। संशोधित रूट को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।
छह लेन एक्सप्रेसवे से कम होगा ट्रैफिक जाम
यह एक्सप्रेसवे छह लेन का होगा, जिससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। तेज और निर्बाध आवागमन से यात्रियों का सफर आसान होगा और एयरपोर्ट तक पहुंचने में लगने वाला समय भी काफी घट जाएगा।
दिल्ली और फरीदाबाद के लाखों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
नई परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली के अक्षरधाम, मयूर विहार, पड़पड़गंज, कालिंदी कुंज और सरिता विहार के लोग सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे। वहीं, मंझावली पुल के माध्यम से फरीदाबाद के निवासियों को भी एयरपोर्ट तक तेज और सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिलेगी।


