नोएडा।नोएडा में मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी (2.6 किमी) और बोटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 (11.56 किमी) तक दो नई मेट्रो लाइनों के निर्माण के लिए लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) का चयन किया है। बुधवार को एनएमआरसी प्रबंधन ने आधिकारिक रूप से कंपनी को निर्माण एजेंसी के रूप में चुना।
नौ कंपनियों के बीच एलएंडटी ने जीती बाजी
इन दोनों मेट्रो परियोजनाओं के लिए जारी टेंडर प्रक्रिया में कुल नौ कंपनियों ने हिस्सा लिया था। तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद एलएंडटी का चयन किया गया। अब अगले एक महीने के भीतर कंपनी को औपचारिक रूप से कार्य आवंटित कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
2970 करोड़ रुपये की परियोजना से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
करीब 2,970 करोड़ रुपये की इस परियोजना का उद्देश्य नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाना है। नई मेट्रो लाइनें विकसित होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक होगी, जिससे सड़क यातायात का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
पांच लाख यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
एनएमआरसी के अनुसार, दोनों नए मेट्रो रूट शुरू होने के बाद प्रतिदिन लगभग पांच लाख यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की आवाजाही आसान होगी और मेट्रो नेटवर्क का विस्तार क्षेत्र के विकास को भी नई गति देगा।


