नोएडा। फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए सेक्टर-34 ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र लिखकर शहर के सभी सेक्टरों के फुटपाथों को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। फेडरेशन का कहना है कि इससे पैदल यात्रियों को सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का दिया हवाला
फेडरेशन के अध्यक्ष के.के. जैन ने बताया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने केंद्र सरकार और संबंधित प्राधिकरणों को पैदल यात्रियों के लिए स्पष्ट रूप से चिह्नित एवं अतिक्रमण-मुक्त फुटपाथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि पैदल यात्रियों के लिए निर्धारित स्थान पर किसी भी प्रकार के मोटर वाहनों का आवागमन न हो।
सेक्टर-34 में फुटपाथों पर अतिक्रमण से बढ़ रही परेशानी
के.के. जैन ने कहा कि नोएडा के अधिकांश सेक्टरों में फुटपाथों पर वेंडिंग ज़ोन, रेहड़ी-ठेले और अन्य अस्थायी अतिक्रमण होने से लोगों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने विशेष रूप से सेक्टर-34 का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां चार शॉपिंग कॉम्प्लेक्स होने के बावजूद फुटपाथों पर वेंडिंग ज़ोन और दस से अधिक पान की गुमटियां व ठेले संचालित हो रहे हैं, जिससे पैदल यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाने में सहयोग का भरोसा
फेडरेशन ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी से सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए सभी फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा वेंडिंग ज़ोन को केवल निर्धारित स्थानों पर संचालित कराने की मांग की है। फेडरेशन का कहना है कि इससे पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी और शहर की यातायात व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित होगी। अध्यक्ष के.के. जैन ने कहा कि फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए सेक्टर-34 और शहर की सभी आरडब्ल्यूए नोएडा को सुरक्षित, स्वच्छ और पैदल यात्रियों के अनुकूल शहर बनाने में प्राधिकरण को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


