नोेएडा।ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित आईएलजीआईएम कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का काम होता है। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें कई दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
आग बुझाते समय अचानक गिरी दीवार और लोहे की बीम
दमकलकर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे, तभी कंपनी की साइड की एक दीवार और लोहे का बीम अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आने से पांच फायर सर्विस कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में दो दमकलकर्मियों की मौत, तीन का इलाज जारी
हादसे में घायल पांचों फायरकर्मियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फायर टीम
पुलिस के अनुसार, सोमवार मध्यरात्रि आईएलजीआईएम कंपनी में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही ईकोटेक-3 थाना पुलिस और फायर सर्विस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की और अब हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


