नोएडा।ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश की पहली डबल डेकर रोड बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इस परियोजना का प्रस्ताव आगामी बोर्ड बैठक में रखने जा रहा है। बोर्ड से मंजूरी मिलते ही निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
130 मीटर रोड से एनएच-9 तक बनेगा कॉरिडोर
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, नोएडा प्राधिकरण, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के संयुक्त प्रयास से तैयार किया जाएगा। करीब ढाई किलोमीटर लंबी यह डबल डेकर रोड 130 मीटर रोड से क्रॉसिंग रिपब्लिक होते हुए एनएच-9 तक बनाई जाएगी।
1200 करोड़ की लागत से तैयार होंगी दो एलिवेटेड सड़कें
परियोजना पर करीब 1200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। मौजूदा सड़क जमीन स्तर पर स्थानीय लोगों के आवागमन के लिए पहले की तरह खुली रहेगी। इसके ऊपर दो नई एलिवेटेड सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
तीन-तीन लेन की वन-वे सड़कों से आसान होगा सफर
डबल डेकर रोड में बनाई जाने वाली दोनों एलिवेटेड सड़कें 9 से 10 मीटर चौड़ी होंगी। प्रत्येक सड़क पर तीन-तीन लेन होंगी और इन्हें वन-वे रखा जाएगा। इस परियोजना से ग्रेटर नोएडा वेस्ट और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।


