नोएडा।ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित खेड़ी भनौता गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुटखा मांगने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ने दुकानदार पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से घायल दुकानदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
कहासुनी के बाद पड़ोसी ने लाइसेंसी पिस्टल से किया हमला
पुलिस के अनुसार, खेड़ी भनौता निवासी उदय प्रताप (42) अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला सुरेंद्र फौजी दुकान पर पहुंचा और गुटखा मांगा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर सुरेंद्र फौजी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर उदय प्रताप पर गोली चला दी।
पेट के निचले हिस्से में लगी गोली, आर-पार हुई
फायरिंग में गोली उदय प्रताप के पेट के निचले हिस्से में लगी और आर-पार हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि पेट के अंदर कोई गोली नहीं मिली और आंतरिक अंग सुरक्षित हैं। फिलहाल घायल की हालत सामान्य है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पिस्टल की बरामद
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र फौजी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


