नोएडा। नोेएडा की सबसे अहम विधानसभा सीटों में शामिल दादरी विधानसभा पर हर चुनाव में सभी प्रमुख राजनीतिक दलों की नजर रहती है। पिछले दो विधानसभा चुनावों से यह सीट भाजपा के कब्जे में है। वर्तमान विधायक तेजपाल नागर अपने कार्यकाल में हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने का दावा कर रहे हैं, जबकि विपक्ष और क्षेत्र के लोग कई बुनियादी समस्याओं के अब भी बरकरार रहने की बात कह रहे हैं।
विकास कार्यों पर विधायक का बड़ा दावा
विधायक तेजपाल नागर का कहना है कि उनके कार्यकाल में दादरी विधानसभा क्षेत्र में करीब 3,944 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। उनका दावा है कि सड़क, बिजली, जलापूर्ति, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर बड़े स्तर पर काम हुआ है, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिली है।
सबसे बड़ी विधानसभा, सबसे अधिक मतदाता
दादरी विधानसभा मतदाताओं की संख्या के लिहाज से गौतमबुद्ध नगर की सबसे बड़ी विधानसभा है। यहां 3,28,244 पुरुष, 2,76,926 महिला और 34 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इस तरह कुल 6,05,304 मतदाता इस विधानसभा में पंजीकृत हैं। ग्रेटर नोएडा, दादरी नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के शामिल होने के कारण यहां शहरी और ग्रामीण दोनों तरह की समस्याएं प्रमुख हैं।
शहरी क्षेत्र में बिल्डर और रजिस्ट्री का मुद्दा
ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों के लिए अधूरी बिल्डर परियोजनाएं, फ्लैटों की रजिस्ट्री, ट्रैफिक जाम, मेट्रो विस्तार और सरकारी अस्पताल की कमी प्रमुख मुद्दे बने हुए हैं। स्थानीय लोग इन समस्याओं के समाधान की मांग लंबे समय से कर रहे हैं।


