नोएडा। नोएडा में चिल्ला रेग्यूलेटर से महामाया फ्लाईओवर तक बनी 5.5 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड का विस्तार किया जाएगा। परियोजना के तहत इस मार्ग को करीब दो किलोमीटर और आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे यातायात को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
आईआईटी रुड़की ने किया स्थल निरीक्षण
परियोजना को लेकर आईआईटी रुड़की की टीम ने नोएडा का दौरा कर प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। टीम ने 15 अगस्त तक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर सौंपने का आश्वासन दिया है। वहीं, नोएडा प्राधिकरण ने डीपीआर जल्द उपलब्ध कराने के लिए सात दिन का समय निर्धारित किया है।
डीपीआर के साथ मिलेगा स्ट्रक्चरल डिजाइन
वर्क सर्किल-2 के वरिष्ठ प्रबंधक कपिल देव सिंह ने बताया कि डीपीआर के साथ आईआईटी रुड़की परियोजना का स्ट्रक्चरल डिजाइन भी प्राधिकरण को उपलब्ध कराएगी। इसके बाद निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नोएडा एयरपोर्ट तक बेहतर होगी कनेक्टिविटी
प्रस्तावित एलिवेटेड रोड महामाया फ्लाईओवर से आगे सेक्टर-94 के तटबंध पर बनने वाली एलिवेटेड रोड से जुड़ेगी। यह मार्ग आगे डीएनडी एलिवेटेड रोड के जरिए जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक बेहतर और तेज कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।


