नोएडा। जेवर में कोतवाली क्षेत्र के खुर्जा रोड पर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाने वाले एक व्यापारी से दो ठगों ने इलेक्ट्रॉनिक चिप के कारोबार का झांसा देकर चार लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद से वह लगातार पुलिस से शिकायत कर रहा है, लेकिन एक माह बीतने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायत लेने से भी किया इंकार
पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि बुधवार को वह जेवर कस्बा चौकी इंचार्ज से मिलने पहुंचा, लेकिन उन्होंने शिकायत दर्ज करने और शिकायत रिसीव करने से भी इंकार कर दिया। व्यापारी का कहना है कि उसने आरोपितों की पूरी जानकारी पुलिस को उपलब्ध करा दी थी, फिर भी कार्रवाई नहीं की गई।
ऐसे बिछाया गया ठगी का जाल
जेवर के खुर्जा रोड स्थित बिजलीघर के सामने गंगा इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक विकास पाराशर ने बताया कि 26 जून को उनके साथ ठगी हुई। पहले एक व्यक्ति खुद को ‘गुड्डू कबाड़ी’ बताकर दुकान पर आया और एक विशेष प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक चिप दिखाते हुए कहा कि यदि ऐसी चिप मिले तो उसे सुरक्षित रख लें, वह अच्छे दाम पर खरीद लेगा। कुछ दिन बाद दूसरा व्यक्ति ‘दीपक’ बनकर वही चिप 400 रुपये प्रति चिप के हिसाब से बेचने लगा। व्यापारी ने गुड्डू कबाड़ी को बुलाया, जिसने वही चिप 500 रुपये में खरीद ली। इस तरह कुछ दिन तक खरीद-फरोख्त का सिलसिला चलता रहा, जिससे व्यापारी का भरोसा जीत लिया गया।
एक हजार चिप खरीदते ही ठग हुए फरार
बाद में दीपक ने बताया कि उसके पास एक हजार चिप उपलब्ध हैं और नगद भुगतान करने पर वह पूरी खेप दे देगा। व्यापारी ने चिप खरीदने के लिए चार लाख रुपये का भुगतान कर दिया, लेकिन इसके बाद गुड्डू कबाड़ी चिप खरीदने नहीं आया और दोनों आरोपितों के मोबाइल फोन बंद हो गए। जब व्यापारी ने अन्य कबाड़ियों से चिप के बारे में जानकारी ली तो किसी ने भी उन्हें खरीदने से इंकार कर दिया। तब उसे अपने साथ ठगी का अहसास हुआ।
एक माह बाद भी दर्ज नहीं हुई एफआईआर
पीड़ित ने मामले की शिकायत जेवर कोतवाली में दी, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। व्यापारी का कहना है कि पुलिस कार्रवाई का केवल आश्वासन देती रही। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। यदि व्यापारी के साथ ठगी हुई है तो शिकायत के आधार पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


