नोएडा।ग्रेटर नोएडा इस बार दीपावली पर ग्रेटर नोएडा का स्वरूप पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर को आकर्षक और जगमग बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। योजना के तहत प्रमुख चौराहों, रोटरी और मुख्य सड़कों को आधुनिक लाइटिंग से सजाया जाएगा, जिससे शहर की सुंदरता में चार चांद लगेंगे।
मुख्य चौराहों और फाउंटेन की होगी सजावट
प्राधिकरण शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष रोशनी की व्यवस्था करेगा। इसके साथ ही लंबे समय से बंद पड़े फाउंटेन को भी मरम्मत कर दोबारा चालू कराया जाएगा। रात के समय रोशनी और फाउंटेन का संयोजन शहर को आकर्षक और पर्यटन योग्य स्वरूप देगा।
बुर्ज खलीफा की तर्ज पर चमकेगा प्राधिकरण भवन
इस बार सबसे खास आकर्षण ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भवन होगा। भवन पर डायनामिक फसाड लाइट लगाई जाएगी, जिसकी मदद से बुर्ज खलीफा की तर्ज पर इमारत की दीवारों पर संदेश, लोगो और वीडियो प्रदर्शित किए जा सकेंगे। इसके अलावा अन्य प्रमुख सार्वजनिक भवनों को भी इसी तरह आधुनिक रोशनी से सजाया जाएगा।
सीईओ ने दिए समय पर काम पूरा करने के निर्देश
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रवि कुमार एनजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दीपावली से पहले सभी सौंदर्यीकरण और लाइटिंग से जुड़े कार्य पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने तकनीकी व्यवस्था और इंस्टॉलेशन का काम अक्टूबर से पहले पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि त्योहार से पहले शहर पूरी तरह जगमगाता नजर आए।


