नोएडा। नोएडा में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक कांवड़ यात्रा के दौरान 334 किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्ग पर ‘बोल बम’ की गूंज सुनाई देगी। इस दौरान जिले की सड़कें भगवा रंग में रंगी नजर आएंगी और बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेकर गुजरेंगे।
14 कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम
कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने जिले में निर्धारित 14 कांवड़ मार्गों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। यात्रा के दौरान सुरक्षा बनाए रखने के लिए करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
यात्रा के दौरान हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, रूट डायवर्जन लागू रहने के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।
जिले को 3 जोन, 20 सबजोन और 60 सेक्टरों में बांटा
एडीसीपी कानून-व्यवस्था राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि जिले से 275 कांवड़ जत्थे रवाना होंगे। 334 किलोमीटर लंबे 14 कांवड़ मार्गों को तीन जोन, 20 सबजोन और 60 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा सुरक्षित व व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।


