ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर साइट-सी स्थित ओएसिस वेनेशिया हाइट्स सोसायटी में मंगलवार को बिजली कटने से 400 से अधिक परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एनपीसीएल ने सोसायटी का अस्थायी बिजली कनेक्शन काट दिया, जिसके बाद पूरे परिसर में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
निर्माण के लिए लिया गया था अस्थायी कनेक्शन
जानकारी के अनुसार, बिल्डर ने सोसायटी के निर्माण कार्य के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन लिया था। परियोजना पूरी होने और फ्लैटों में लोगों के रहने के बावजूद स्थायी बिजली कनेक्शन नहीं लिया गया। इसी अस्थायी कनेक्शन से फ्लैटों में बिजली सप्लाई की जा रही थी।
डीजी के सहारे चल रही लिफ्ट और जरूरी सेवाएं
बिजली कनेक्शन कटने के बाद सोसायटी में अफरातफरी का माहौल बन गया। फिलहाल डीजल जनरेटर (डीजी) के जरिए लिफ्ट और अन्य आवश्यक उपकरण संचालित किए जा रहे हैं। बिल्डर प्रबंधन ने निवासियों से हेवी लोड वाले विद्युत उपकरणों का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है।
यूपीईआरसी नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
एनपीसीएल के अधिकारियों का कहना है कि अस्थायी कनेक्शन का उपयोग निर्माण कार्य तक ही सीमित होता है। परियोजना पूरी होने के बाद स्थायी कनेक्शन लेना अनिवार्य है। यूपीईआरसी के नियमों के उल्लंघन के कारण मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अस्थायी बिजली कनेक्शन काट दिया गया। अब स्थायी कनेक्शन मिलने तक सोसायटी के निवासियों की परेशानियां बनी रहने की आशंका है।


