नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एनएमआरसी) की एक्वा मेट्रो विस्तार परियोजना के लिए बुधवार को पब्लिक इनवेस्टमेंट बोर्ड (पीआईबी) के समक्ष प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश परियोजना की उपयोगिता और आवश्यकता को बोर्ड के सामने रखेंगे। मंजूरी मिलने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो जाएगा।
पांच लाख लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
प्रस्तावित मेट्रो लाइन नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4 तक जाएगी। इसके शुरू होने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विभिन्न हाउसिंग सोसायटियों में रहने वाले करीब पांच लाख से अधिक लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच रोजाना लगने वाले यातायात जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
7.5 किलोमीटर लंबे रूट पर पांच स्टेशन
यह मेट्रो विस्तार परियोजना 7.5 किलोमीटर लंबी होगी और इस पर पांच नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। प्रस्तावित स्टेशन सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4 (किसान चौक के पास) होंगे। यह एक्वा लाइन का विस्तार होगा, जिससे दोनों शहरों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
आरआरटीएस से अलग होगी मेट्रो लाइन
एनएमआरसी के अनुसार यह मेट्रो रूट आरआरटीएस परियोजना से अलग होगा और विशेष रूप से नोएडा व ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने के लिए विकसित किया जाएगा। एक्सटेंशन लाइन होने के कारण इसकी लागत अपेक्षाकृत कम रहेगी और भविष्य में क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।


