नोएडा। यमुना विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-17 स्थित सुपरटेक अपकंट्री सोसायटी में मंगलवार को अवैध पीजी की जांच करने पहुंची प्राधिकरण की टीम के साथ अभद्रता का मामला सामने आया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि देर शाम तक इस मामले में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली थी।
शिकायत पर पहुंची थी प्राधिकरण की टीम
सोसायटी के निवासियों ने लंबे समय से कुछ फ्लैटों में संचालित अवैध पीजी और कमर्शियल किचन की शिकायत यीडा अधिकारियों से की थी। उनका आरोप है कि इन गतिविधियों के कारण सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है और पार्किंग, साफ-सफाई, शोर-शराबा समेत कई समस्याएं बढ़ रही हैं। शिकायत के आधार पर मंगलवार को प्राधिकरण की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची।
जांच में बाधा डालने का आरोप
आरोप है कि जांच के दौरान कुछ पीजी संचालकों ने प्राधिकरण की टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया और कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वहीं, सोसायटी के निवासियों ने नियमों के विपरीत संचालित पीजी और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की मदद से होगी कार्रवाई
दनकौर कोतवाली पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, यीडा के सीईओ राकेश सिंह ने कहा कि आवासीय परिसर में व्यावसायिक गतिविधियां मान्य नहीं हैं। यदि कार्रवाई के दौरान विरोध या जोर-जबरदस्ती की गई तो पुलिस की मदद लेकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


