नोएडा। वर्षों से जर्जर पड़े हामिदपुर-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग 334 डीडी का पिछले महीने करोड़ों रुपये की लागत से निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। सड़क बनने के बाद जल निकासी के लिए नालियां और किनारों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का काम अभी पूरा भी नहीं हुआ था।
वाहनों का दबाव नहीं झेल सकी नई सड़क
इसी बीच सड़क भारी वाहनों का वजन सहन नहीं कर पाई और कई स्थानों पर टूटकर बिखर गई। नई बनी सड़क के इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया।
दो बार मरम्मत के बाद भी नहीं सुधरी हालत
स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब गुणवत्ता की शिकायत संबंधित विभाग से की। शिकायत के बाद विभाग ने दो बार सड़क की मरम्मत कराई, लेकिन इसके बावजूद सड़क फिर से टूट गई और उसकी स्थिति पहले जैसी हो गई।
गड्ढों से पहले भी होते थे हादसे
हामिदपुर से बुलंदशहर को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग 334 डीडी लंबे समय से जर्जर हालत में था। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन अक्सर फंस जाते थे और आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क की हालत नहीं सुधरी, इसलिए निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।


