ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया। गिरफ्तार की गई युवतियों ने पूछताछ में आरोप लगाया कि उन्हें नौकरी दिलाने का झांसा देकर बुलाया गया और बाद में जबरन देह व्यापार करने के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने या पुलिस से शिकायत करने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जाती थी।
चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी, 47 लोग गिरफ्तार
मिशन मुक्त फाउंडेशन की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीपी प्रशाली गंगवार के नेतृत्व में पुलिस ने बीटा-2 क्षेत्र के जीएनएस प्लाजा स्थित चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। इस दौरान 28 युवतियों, 15 युवकों और चार संचालकों सहित कुल 47 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई रोज, रिलेक्सर स्पा, नाटी हैवन स्पा और एक अन्य स्पा सेंटर पर की गई।
नकदी और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 62 हजार रुपये नकद, कई रजिस्टर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। पूछताछ में कुछ युवतियों ने बताया कि उन्हें मसाज का काम बताकर नौकरी पर रखा गया था, लेकिन बाद में जबरन अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए दबाव बनाया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ अनैतिक व्यापार समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


