ग्रेटर नोएडा। वर्षा और आंधी के दौरान शॉर्ट सर्किट के कारण बार-बार खराब होने वाली स्ट्रीट लाइटों को अब बेहतर सुरक्षा मिलेगी। इसके लिए ऑल वेदर डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स तकनीक अपनाई जा रही है, जिससे स्ट्रीट लाइटों की विद्युत प्रणाली को मौसम की मार से बचाया जा सकेगा।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर शुरू हुआ इस्तेमाल
केरल में राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य प्रमुख सड़कों पर इस विशेष डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स को लगाया जाना शुरू कर दिया गया है। यह तकनीक बारिश, धूल और तेज हवाओं के बीच भी स्ट्रीट लाइटों को सुचारु रूप से संचालित रखने में मदद करेगी।
हर मौसम में मिलेगा बेहतर उजाला
इस तकनीक के उपयोग से सड़कों पर हर मौसम में पर्याप्त रोशनी बनी रहेगी। इससे रात के समय दृश्यता बेहतर होगी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। साथ ही, बार-बार होने वाली बिजली संबंधी खराबियों और रखरखाव की लागत में भी कमी आने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा में बन रहा विशेष बॉक्स
ग्रेटर नोएडा के उद्योग विहार में इस तरह का ऑल वेदर डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स तैयार किया जा रहा है। उद्यमी जेड रहमान के अनुसार, एनसीआर में इस प्रकार का बॉक्स बनाने वाली यह पहली और देश की दूसरी निर्माण इकाई है। इससे स्थानीय स्तर पर आधुनिक विद्युत सुरक्षा उपकरणों के निर्माण को भी बढ़ावा मिलेगा।


