ग्रेटर नोएडा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान आने वाले देश-विदेश के मेहमानों पर बेहतर छाप छोड़ने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर के सौंदर्यीकरण की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के प्रमुख हिस्से को आकर्षक बनाया जाएगा।
परी चौक से जीरो प्वाइंट तक बढ़ाई जाएगी हरियाली
प्राधिकरण अब परी चौक से जीरो प्वाइंट तक एक्सप्रेसवे के हरित क्षेत्र, सेंट्रल वर्ज और आसपास स्थित दो पार्कों का रखरखाव और सौंदर्यीकरण खुद कराएगा। इस पूरे क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और साफ-सुथरा वातावरण बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
1.65 करोड़ रुपये से होगा सौंदर्यीकरण
इस कार्य पर करीब 1.65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्राधिकरण ने इसके लिए निविदा जारी कर एक वर्ष के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, ताकि तय समय पर सभी कार्य पूरे किए जा सकें।
सितंबर में होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो
आगामी सितंबर में इंडिया एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन होना है। इसी को ध्यान में रखते हुए एक्सपो मार्ट और उसके आसपास के क्षेत्रों को सुंदर और व्यवस्थित बनाने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।


